पंचर जोड़ने के बाद हवा भरते वक्त अचानक ट्रक का टायर फट गया। जिसमें पंचर मिस्त्री उछलकर दूर जा गिर गया। हादसे में उसको काफी गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, यहां हालत नाजुक होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
कस्बे के रहने वाले बुद्ध अली शाह का 32 वर्षीय पुत्र सुब्हान अली शाह की असम हाइवे पर पेट्रोल पंप के पास पंचर जोड़ने की दुकान है। मंगलवार सुबह सुब्हान ट्रक के टायर का पंचर जोड़ने के बाद उसमें हवा भर रहा था। हवा अधिक भर जाने से टायर फट गया। हादसे में कई फुट उछलने के बाद सुब्हान जमीन पर गिरकर घायल हो गया। चेहरे पर काफी चोटें आई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना देकर परिवार वालों को भी बुला लिया गया। जिसके बाद घायल को इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत गंभीर होने पर सुब्हान को बरेली रेफर कर दिया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसका परिवार छप्पर नुमा मकान में जीवन यापन करता है। उसके पांच बच्चे हैं। अब उनके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।