जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि क्राइम कंट्रोल करने में नाकाम रहने वाले थानेदारों को रिवर्ट किया जाएगा। इसलिए थानेदार लगन और टीम भावना के साथ काम करें।
पुलिस लाइंस में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने मॉल निरस्तीकण, विवेचनाओं का निस्तारण, वांछितों की गिरफ्तारी, चोरी, लूट, डकैती आदि घटनाओं की थानेवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान एसपी ने कहा कि थानेदार एक दूसरे थाने के प्रभारी के साथ तालमेल अच्छे रखें और टीम भावना के साथ काम करें। जिससे अपराधों पर अंकुश लगाने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि क्राइम कंट्रोल करने में नाकाम रहने वाले थानेदारों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा और हर हालत में रिवर्ट होंगे। उन्होंने अपराधों पर अंकुश लगाने को लेकर थानेदारों को कुछ टिप्स भी दिए। बैठक में एएसपी विकास कुमार वैद्य, सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट, सीओ बीसलपुर बीपी सिंह, सीओ पूरनपुर राजेश्वर सिंह, सीओ जहानाबाद जेआर जोशी, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी अतुल प्रधान, इंस्पेक्टर सदर कोतवाली बीके गौतम, एसओ मोधाटांडा दुर्गेश मिश्रा, एसओ न्यूरिया दलवीर सिंह, जांच शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी आनंद वर्मा, एसपी पेशकार भुवनेश कुमार गौतम सहित सभी थानेदार मौजूद रहे।