एसएसबी व वनविभाग की संयुक्त टीम पर लकड़ी तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में टीम ने भी कई फायर किए। इस पर तस्कर पिलर संख्या 128 के पास लकड़ी से भरे दो डनलप मौके पर छोड़कर भाग निकले। वन विभाग ने दोनों डनलपों को कब्जे में लिया है। घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
संपूर्णानगर (खीरी) के वनक्षेत्राधिकारी राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लोग टाटरगंज स्थित जंगल से शीशम की लकड़ी काटकर डनलप से नेपाल ले जाने की फिराक में हैं। सूचना पर वह एसएसबी जवानों और वन दरोगा केके पांडेय, मुशीर अहमद, मोहम्मद उमर आदि के साथ पिलर संख्या 128 के पास पहुंचे तो टीम को आते देख डनलपों पर सवार सात-आठ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। टीम ने भी कई राउंड जवाबी फायर किए। जिस पर तस्कर फायरिंग करते हुए नेपाल सीमा में घुसकर भाग निकले। उन्होंने बताया कि वनविभाग की टीम ने दोनों डनलपों को कब्जे में लिया है। जिन पर शीशम के आठ बोटे बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि अभी मामले की तहरीर नहीं दी गई है। विभागीय कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।