चोरी के आरोप में भीड़ ने पकड़ा युवक, जमकर पीटा
- फोटो : चोरी के आरोप में भीड़ ने पकड़ा युवक, जमकर पीटा
एसएस अस्पताल में तीमारदारों की भीड़ के बीच रुपये चोरी कर भाग रहे एक युवक को भीड़ ने पीछा कर धर दबोचा। उसको अस्पताल परिसर में लाकर जमकर पिटाई की गई। इसकी सूचना एसपी को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में हड़कंप मचा रहा।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के जनकपुरी निवासी राजेश्वरी देवी का इलाज गांधी स्टेडियम रोड स्थित एसएस अस्पताल में चल रहा है। शुक्रवार देर शाम उसके परिवार वाले अस्पताल परिसर में मौजूद थे। इस बीच आरोप है कि मरीज के परिवार के एक सदस्य की जेब से नकदी चोरी कर एक युवक भागने लगा। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए और पीछा कर एकता नगर कॉलोनी के पास से चोरी के आरोपी को पकड़ लिया। उसको भीड़ पीटते हुए अस्पताल गेट पर पहुंची। जिसके बाद वहीं पर उसकी जमकर पिटाई की। पकड़ा गया आरोपी खुद को लखीमपुर के सरदार नगर का रहने वाला बबलू बता रहा है। उसका कहना है कि युवक की जेब से रुपये गिर गए थे। जिनको उठाकर वह देने पहुंचा, लेकिन उसको चोर समझ लिया। इस बीच भीड़ मारपीट करने लगी तो वह डर कर भागने लगा। जिसके बाद दोबारा पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। उसका कहना है कि वह वर्तमान समय में बरेली में किराए के मकान में रहता है। इसकी सूचना एसपी कलानिधि नैथानी को दी गई। जिसके बाद एसपी ने सुनगढ़ी पुलिस को मौके पर भेजा। एसएचओ गोपीचंद यादव ने बताया कि पकड़े गए युवक को मेडिकल के लिए भेजा गया है। पीड़ित युवक से मामले की तहरीर मांगी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
संदिग्ध जानकर मानसिक मंदित को पीट दिया
पीलीभीत। बीते साल सुनगढ़ी क्षेत्र का संतोषपुरा गांव डकैतों के निशाने पर रहा था। लखीमपुर के खोपड़ा गैंग ने एकाएक वारदातों को अंजाम दिया। जिसके बाद से ग्रामीण सुरक्षा को लेकर अलर्ट हो गए थे। बृहस्पतिवार रात गांव की गलियों में एक अंजान युवक घूमता दिखाई दिया। देर रात तक युवक के संदिग्ध हालात में घूमने पर ग्रामीण जमा हो गए। पहले तो काफी देर तक युवक पर निगाह बनाए रहे और बाद में उसको धर दबोचा। पूछने पर कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी पिटाई लगा दी। गांव में डकैत पकड़े जाने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। एसएचओ गोपीचंद यादव का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ से पता लगा है कि युवक मानसिक मंदित है।