- छुड़ाने को जमा रही भीड़, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
छिटपुट ही सही एक बार फिर पुलिस ने सटोरियों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने सरे राह सट्टे की पर्चियां उठा रहे एक सटोरिये को धर दबोचा। इसके पास से काफी संख्या में सट्टे की पर्चियां और नगदी बरामद हुई। थाने लाकर आरोपी से धंधे से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस दौरान सटोरिये को छुड़ाने के लिए थाना गेट पर भीड़ जमा रही। सिफारिश करने वालों के भी फोन घनघनाते रहे।
सीओ सिटी निर्मल कुमार बिष्ट के निर्देशन में चलाए जा रहे सटोरियों के खिलाफ अभियान बीते दिनों हुए हंगामे के बाद पस्त पड़ गया था। जिसके बाद महकमे ने साख बचाते हुए गिरफ्तारी की शुरुआत की है। हालांकि, पकड़ा गया सटोरिया सूची में शामिल बड़े स्तर का नहीं है। मुखबिर से सूचना मिलने पर शनिवार रात सुनगढ़ी पुलिस के सिपाही सुधीर कुमार और धर्मपाल सिंह ने मोहल्ला थान सिंह में दबिश दी। यहां मोहल्ले का ही निवासी रमेश चंद्र खुलेआम सट्टे की पर्चियां जमा करता दिखा। दोनों सिपाहियों ने सटोरिये को धर दबोचा। तलाशी के दौरान इसके पास से दर्जनों सट्टे की पर्चियां और 480 रुपये बरामद हुए। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि सटोरियों की लगातार धरपकड़ की जा रही है। पकड़े गए सटोरिये पर मुकदमा दर्ज किया गया है।