किसान के मकान में नकब लगाकर घुसे चोर 60 हजार की नकदी समेत सवा लाख रुपये का सामान समेट ले गए। सुबह जागने पर घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत की। इस पर मौजूद दरोगा ने बेतुका जवाब देकर बैरंग लौटा दिया। न तो पुलिस ने किसान से तहरीर ली, न ही मौका मुआयना किया।
जगन्नाथपुर गांव के रहने वाले अजयपाल ने बताया कि वह खेती करता है। मंगलवार रात वह अपनी पत्नी राजवती के साथ छत पर सो रहा था। आंगन में उसके चारो बच्चे काजल अपनी नानी के साथ सो रहे थे। देर रात चोर घर के पिछले हिस्से में नकब लगाकर घुस आए और कमरे में रखा सामान खंगालना शुरू कर दिया। यहां से चोर गेहूं बेचकर लाए गए 60 हजार रुपये, चांदी की हसली, लर, कड़ा, बेंदा, पीतल के वर्तन, कपड़े समेत सवा लाख रुपये का सामान समेट ले गए। बुधवार सुबह जागने पर दीवार में नकब और सामान बिखरा देख पीड़ित के होश उड़ गए। इसकी थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि थाने पर मौजूद दरोगा ने रिपोर्ट न लिखने की बात कहकर भगा दिया। तहरीर भी नहीं ली और मौका मुआयना करने भी कोई नहीं पहुंचा। एसओ रूम सिंह वघेल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कराई जाएगी।