भरमौर की दुर्गठी पंचायत के ढकोग गांव के समीप रावी नदी में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति की पहचान सुरेश कुमार उम्र 40 साल पुत्र जर्म सिंह निवासी गांव हाटक पंचायत ढकोग के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। साथ ही प्रशासन की ओर से फौरी राहत भी मृतक के परिजनों को जारी कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश कुमार ढकोग के समीप एक चाय की दुकान चलाता था। मंगलवार रात को जब वह बर्तन धोने अपनी दुकान के पिछली तरफ गया तो उसका पांव फिसल गया। इससे वह नदी में जा गिरा। इसके बाद उसके परिजनों व अन्य दुुकानदारों ने उसकी काफी तलाश की। लेकिन, रात भर तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं लग पाया।
बुधवार को परिजनों ने दोबारा उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान दुकान के समीप उसे तलाशते समय रावी नदी में उन्हें एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ नजर आया। नजदीक जाकर देखा तो शव सुरेश कुमार का था। इसके बारे में उन्होंने पुलिस को सूचित किया।सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भरमौर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
उधर, पुलिस थाना प्रभारी भरमौर धर्मचंद ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक दृष्टि में मौत का कारण पैर फिसलना ही लग रहा है। उधर, एडीएम भरमौर विनय धीमान ने बताया कि परिजनों को फौरी राहत के तौर पर दस हजार रुपये प्रदान कर दिए हैं।