छत पर सो रही युवती के पास थूकने को लेकर कांशीराम कालोनी में दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। एक पक्ष ने लाठी-डंडों से पूरे परिवार की पिटाई कर दी। यही नहीं युवती को छत से फेंकने की कोशिश की। पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का मेडिकल कराया गया है।
सुनगढ़ी क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी निवासी चंद्रपाल ने बताया कि उसका पास की ही रहने वाली बेबी के परिवार से विवाद है। सोमवार रात चंद्रपाल की बेटी ममता छत पर सो रही थी। आरोप है कि दूसरे पक्ष की महिला ने उसके पास थूक दिया। विरोध जताने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। चीख पुकार सुनकर आए युवती के पिता चंद्रपाल और भाई सुमित को भी पीटा। आरोप है कि ममता को छत से फेंकने की कोशिश की गई। आसपास के लोगों ने उसे बचाया। देर रात थाने पहुंचकर पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी। एसएसआई मनोज त्यागी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। युवती छत से फेंकने की कोशिश का आरोप गलत है। पुराने विवाद में दोनों के बीच मारपीट हुई है।