तेज रफ्तार कार टनकपुर हाइवे पर एक स्कूटी सवार को घसीटते हुए काफी दूर ले गई, जिसमें स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंचे घरवालों ने घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
शुक्रवार रात को रेलवे स्टेशन से सवारी लेकर एक बोलेरो कार नौगवां चौराहा की ओर जा रही थी। टनपकपुर हाइवे पर डिग्री कालेज चौराहा से आगे बढ़ते ही कार ने सामने से आ रहे स्कूटी सवार बल्लभनगर कालोनी निवासी 55 वर्षीय व्यापारी अशोक कुमार को कुचल दिया। चालक जब तक ब्रेक लगा पाता स्कूटी बोलेरो के अगले पहिये में आकर फंस गई और काफी दूर तक घसीटते हुए चली गई। कुछ दूर घसीटने के बाद वृद्ध अलग गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के तमाम राहगीर मौके पर एकत्र हो गए, जिस पर चालक बोलेरो छोड़कर भाग निकला। कुछ देर ठहरने के बाद भीड़ को देख घबराकर बोलेरो में बैठीं सवारियां भी उतरकर चलती बनीं। घायल से नाम पते की जानकारी कर भीड़ ने घरवालों को सूचना दी। इस पर मौके पर पहुंचे परिवारीजन घायल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।