दो सप्ताह पहले पिटाई से घायल गांव जेठापुर खुर्द निवासी सरवन की मौत आंत फटने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। अब दर्ज एनसीआर को गैर इरादतन हत्या की धारा में तरमीम किया जाएगा।
गांव जेठापुर निवासी 55 वर्षीय सरवन कुमार के घर एक सितंबर को भांजे सोनपाल के बेटे का नामकरण संस्कार था। आरोप है कि इसमें पड़ोस के ही संजय ने अपने साथियों संग आकर हुड़दंग किया। विरोध करने पर मारपीट की। अगले दिन फिर मारपीट हुई। मारपीट में एक पक्ष का महेश, अधीर, अधीर के पिता सरवन, दूसरे पक्ष के संजय कुमार आदि घायल हुए थे। पुलिस ने महेश कुमार की ओर से गांव निवासी संजय, सुभाष और अरविंद जबकि दूसरे पक्ष के संजय कुमार की ओर से सत्य प्रकाश, अधीर, महेश, मक्कू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायलों की डॉक्टरी कराई। जिला मुख्यालय पर प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान 11 सितंबर को सरवन की मौत हो गई थी। पीलीभीत सदर कोतवाली पुलिस ने सरवन के शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी कोतवाल मनोज त्यागी ने बताया कि सरवन की मौत आंत फटने से होना पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पाया गया। दर्ज एनसीआर को गैर इरादतन हत्या में तरमीम कर कार्रवाई की जाएगी।