माधोटांडा रोड पर स्थित चिरौंजीलाल वीरेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में चल रहे आरएसएस के प्रशिक्षण शिविर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने गालीगलौज करते हुए पथराव किया, जिसमें एक कार्यकर्ता समेत दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। घटना की तहरीर सह जिला कार्यवाहक ने सुनगढ़ी पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
माधोटांडा रोड पर स्थित चिरौंजी लाल वीरेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हफ्ते भर से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। संघ के सह जिला कार्यवाहक डॉ. डालचंद ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 10 बजे कॉलेज के पीछे खेत में ग्राम गौहनिया निवासी कुछ शरारती तत्व एकत्र हुए और गालियां देते हुए ईंट पत्थर फेंकने लगे। इससे प्रशिक्षणार्थियों में भगदड़ मच गई। पथराव में कार्यकर्ता सूरज सिंह सहित दो लोग घायल हो गए। उन्होंने मामले की सूचना सुनगढ़ी पुलिस को दी। सूचना पर दरोगा राहुल सिंह पुंडीर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख आरोपी भाग निकले। घटना की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह का कहना है कि वह खुद मौके पर गए थे। उन्हें बताया गया कि पीछे से खिड़कियों पर ढेले मारे गए हैं। पथराव के कोई निशान खिड़की, दीवारों आदि पर नहीं मिले हैं। मामले की जांच कराई जा रही है।