भाकपा (माले) राज्य कमेटी सदस्य एवं एपवा नेत्री रमा गैरोला की बुखार से मौत के बाद उनके पिता गांव भिंडारा निवासी महानंद गैरोला की ओर से पांच माले नेताओं के खिलाफ दर्ज कराई गई रेप व हत्या की रिपोर्ट को पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने झूठा साबित कर दिया है। माले नेताओं के लिखित अनुरोध पर तीन डाक्टरों के पैनल से कराए गए पोस्टमार्टम ने इसका खुलासा कर दिया है।
बताते चलें कि पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित रमा गैरोला की उपचार के दौरान बरेली के जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। रमा गैरोला भाकपा (माले) की होलटाइमर थीं। वह पूरनपुर स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ ही रहती थीं। जिसे लेकर परिवार से उनका वैचारिक मतभेद रहता था। उनके अस्वस्थ होने पर भी पार्टी के ही नेता व कार्यकर्ता पूरनपुर सीएचसी, जिला चिकित्सालय पीलीभीत और बरेली जिला अस्पताल तक इलाज कराते रहे। उनकी मौत के बाद पार्टी कार्यकर्ता उनके परिवार वालों को सूचना दे उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उनके शव को पूरनपुर स्थित पार्टी कार्यालय ले गए थे। जहां कुछ भाजपा नेताओं के साथ कोतवाली पहुंच रमा के पिता ने भाकपा (माले) केंद्रीय कमेटी सदस्य कृष्णा अधिकारी, जिला सचिव देवाशीष राय, वरिष्ठ नेता 83 वर्षीय अलाउद्दीन शास्त्री, शम्स विकास और शमशुल के खिलाफ रमा के साथ गैंगरेप, हत्या समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद से रमा की मौत मामले में नया मोड़ आ गया था तथा भाकपा (माले) नेताओं में इससे हड़कंप मच गया था। माले नेताओं ने घटना के दिन ही इसे साजिश करार दिया था। जो सोमवार को रमा गैरोला के शव के हुए पोस्टमार्टम से साफ हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गैंगरेप व हत्या की बात गलत साबित हुई है। एसपी सभाराज ने कहा कि इस गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। राजनीतिक रूप से लाभ के लिए अगर कोई इसमे हस्तक्षेप करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 000
माले नेताओं के अनुरोध पर पैनल से हुआ पीएम
पीलीभीत। रमा गैरोला की मौत के बाद उनके पिता की ओर से दर्ज कराई गई गंभीर आरोपों की रिपोर्ट से आहत भाकपा (माले) नेता स्वयं चाहते थे कि सच्चाई सामने आए। लिहाजा केंद्रीय कमेटी सदस्य सुधाकर यादव, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता किशन लाल तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी अफरोज आहम ने सोमवार सुबह एडीएम से भेंट कर पोस्टमार्टम तीन डाक्टरों के पैनल से कराने और उसकी वीडियोग्राफी कराने की मांग लिखित रूप से की। इस पर पैनल ने पोस्टमार्टम किया और वीडियोग्राफी भी हुई।
रमा गैरोला के अंतिम संस्कार में पहुंचे भाकपा नेता
पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाकपा (माले) नेत्री रमा गैरोला का सोमवार को पैतृक गांव भिंडारा में अंतिम संस्कार हुआ। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी नेता भी शामिल हुए। अंतिम संस्कार के बाद भाकपा का प्रतिनिधि मंडल नेेताओं पर दर्ज मुकदमे को लेकर एडीएम व एएसपी से भी मिला।
पोस्टमार्टम के बाद रमा गैरोला का शव उनके गांव मझोला भिंडारा पहुंचा। यहां उनका अंतिम संस्कार हुआ। इसमें भाकपा के केंद्रीय कमेटी सदस्य सुधाकर यादव, अफरोज आलम, रामदरश, जवाहरलाल, क्रांति कुमार सिंह, विद्या रजवार, आरती राय, किशनलाल, जितेंद्र, सईद खां, गोपाल मिश्रा शामिल हुए। अंतिम संस्कार से पूर्व पार्टी की ओर से पार्थिव शरीर पर लाल झंडा डाला गया। अंतिम संस्कार से लौटने के बाद सुधाकर यादव, क्रांतिकुमार सिंह, विद्या रजवार व किशनलाल एडीएम अजयकांत सैनी और एएसपी डॉ. रामसुरेश यादव से मिले। प्रतिनिधि मंडल ने दोनों अधिकारियों से पार्टी नेताओं पर दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।