एसपी से मिलकर अपने पति के साथ घर लौटते समय दर्द से तड़प रही घायल महिला एसपी दफ्तर के पास ही गश खाकर गिर गई। इससे वहां हड़कंप मच गया। एएसपी ने महिला सिपाही की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एएसपी ने शहर कोतवाल को फटकार लगाते हुए मेडिकल के आधार पर धाराएं तरमीम कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
शहर से सटे गांव सिरसा सेमरखेड़ा निवासी वेदप्रकाश दर्द से तड़प रही अपनी घायल पत्नी को साथ लेकर पुलिस लाइन पहुंचे। उन्होंने बताया कि जमीन की रंजिश में 24 मार्च को परिवार के ही चार-पांच लोगों ने घर में घुसकर उसकी और पत्नी ममता देवी की पिटाई की। इससे दोनों घायल हो गए। शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की थी। आरोप है कि जिला अस्पताल के डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर पत्नी को भर्ती कर लिया था। इसके बावजूद पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट तरमीम नहीं की और न ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस पर बुधवार को पत्नी की जिला अस्पताल से छुट्टी कराकर वह पुलिस लाइन पहुंचा और एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की। दफ्तर से बाहर निकलते ही दर्द से तड़प रही पत्नी गश खाकर गिर पड़ी, जिससे वहां हड़कंप मच गया। एएसपी विकास कुमार वैद्य भी मौके पर पहुंच गए और महिला सिपाही गायत्री देवी की मदद से उठाकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शहर कोतवाल को मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाकर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।