एआरटीओ राजेश कर्दम ने शुक्रवार को जिले में चेकिंग अभियान चलाकर मोरंग, गिट्टी व गेहूं व भूंसी के दस ओवरलोड ट्रकों व शनिवार को 14 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया। यह अभियान पूरनपुर, गजरौला व बीसलपुर में चलाया गया। इस दौरान बीसलपुर से जयपुर जा रही एक बस को भी सीज किया गया। एआरटीओ ने बताया कि संबंधित बस बिना परमिट के जा रही थी तथा उसके पास जरूरी अभिलेख भी नहीं थे। इसके अलावा मकसूदापुर चीनी मिल प्रशासन के कर्मचारियों को ले जा रही बस को भी सीज कर दिया गया। यह बस सुबह स्कूली बच्चों को तथा सायं कर्मचारियों को ले जाती थी। एआरटीओ ने बताया कि शाहजहांपुर जिले के मकसूदापुर स्थित चीनी प्रबंधन द्वारा लगाई गई इस बस के भी कोई अभिलेख नहीं थे।
15 दिन पहले सीज बस में भी मिली खासी खामी
शाहजहांपुर जिले में स्थित मकसूदापुर चीनी मिल परिसर में संचालित बजाज पब्लिक स्कूल की एक खटारा व जर्जर बस के फर्श की चादर फट जाने से एक छात्र की गिरने के बाद पहिए से कुचल कर हुई मौत के बाद एआरटीओ ने चेकिंग अभियान चलाकर करीब 15 जिन पहले इसी स्कूल की एक और बस को सीज किया था। एआरटीओ ने बताया कि सीज की गई बस का नंबर यूपी 27आर/8937 था। कार्रवाई के दौरान बस के चालक परिचालक कोई अभिलेख नहीं दिखा सके थे। बाद में पड़ताल के बाद पता चला कि संबंधित बस 2010 माडल की है। उसका फिटनेस 2014 में खत्म हो चुका था। यही नहीं जांच में यह भी पता चला कि पकड़े जाने से पहले तक यह बस बिना परमिट के चलती रही। उन्होंने यह भी बताया कि इस बस का भी स्वामी वही निकला जिसकी बस से बिलसंडा के एक छात्र की मौत हो चुकी है।