सेना में भर्ती कराने के नाम पर तीन लाख रुपये ठगने के आरोपी बरेली के थाना भोजीपुरा के गांव नवदिया सिंचाई निवासी चमन समेत दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव खरुआ निवासी पवन ने बताया कि उसके घर पर नवदिया सिंचाई निवासी चमन व इंद्रपाल उर्फ नंदा का आना-जाना था। दोनों एक-दूसरे के रिश्तेदार थे। 15 जून 13 को दोनों आरोपियों ने उससे कहा कि वह बरेली में सेना में नौकरी कर रहे हैं। वह तीन लाख रुपये में किसी की भी नौकरी लगवा सकते हैं।
दोनों आरोपियों के झांसे में आकर उसने 25 जून 13 को पुत्र की नौकरी लगवाने के लिए तीन लाख रुपये दे दिए। 10 दिन में नियुक्ति पत्र देने का वादा किया। काफी समय बीतने के बाद भी जब पुत्र को नौकरी नहीं मिली तो पैसा वापस मांगा। काफी टाल मटोल करने के बाद आरोपियों ने एक-एक लाख कर तीन बार में रुपये वापस लौटाने का वादा किया और एक चेक दी।
चेक जब बैंक में लगाया तो खाते में पैसा न होने के कारण चेक बाउंस हो गया। जब इसकी शिकायत की तो आरोपी भड़क गए और गाली गलौच करने लगे। पैसा वापस मांगने पर जान से मार देने की धमकी दी। पुलिस ने पवन की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।