दोनों पक्षों के 30 लोग घायल, ढाई दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा
होली के दिन सकुटिया जसकरनापुर गांव में आखत डालने के समय दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। गाली गलौच से शुरू हुए विवाद में दोनों ओर से जमकर जमकर लाठी डंडे चले। इसमें दोनों तरफ के 30 लोग घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने डंडे फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। दोनों पक्षों के ढाई दर्जन लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। झगड़ने की वजह दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश बताई जाती है।
कोतवाली क्षेत्र के सकुटिया जसकरनापुर गांव निवासी श्याम बिहारी और प्यारेलाल के परिवार वाले सोमवार को होली में आखत डालने को जाते समय भिड़ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी डंडे और बांके से हमला कर दिया। इसमें एक पक्ष के श्याम बिहारी, श्याम बहादुर, नत्थूलाल, चंद्रपाल, जगदीश, हरीराम, सेवाराम, धर्मपाल, रामू, जयवीर, सेवाराम, राजू घायल हो गए। दूसरी पक्ष की ओर से प्यारेलाल, बाबूराम, सोनपाल, कमलेश, रघुवीर, राजपाल, राकेश, सर्वेश, अतुल, अवनीश, रजनीश, रामजीत, सुनील, सचिन, गुड्डू, विमला, रानी और गुड्डी को काफी चोटें आईं। विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंडे फटकार कर भीड़ को खदेड़ा, जिसके बाद लोग शांत हुए। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने होली में आखत डाले। दोनों पक्षों ने एक -दूसरे पर बेवजह हमला करने का आरोप लगाकर तहरीर दी। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि एक पक्ष के कमलेश की ओर से श्याम बिहारी, श्याम बहादुर, नत्थूलाल, चंद्रपाल, जगदीश, हरीराम, सेवाराम, धर्मपाल, रामू, जयवीर, सेवाराम, राजू के खिलाफ मारपीट व एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के हरीराम मौर्य की ओर से दी गई तहरीर में प्यारे लाल, बाबूराम, सोनपाल, रघुवीर, राजपाल, राकेश, सर्वेश, अतुल, अवनीश, रजनीश, रामजीत, कमलेश, सुनील, सचिन, गुड्डू, विमला, रानी और गुड्डी के खिलाफ मारपीट, बलवा आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।