बरेली से बस में सवार हुए दो युवकों ने सीट पर बैठे नेपाली युवक से दोस्ती कर ली। बाद में जब वह पीलीभीत पहुंचा तो उसे छतरी चौराहा पर शराब पिला दी। नशे में होने पर दोनों युवक उसके पास से 48 हजार रुपये की नगदी, 15 हजार के कपड़ों समेत भरा बैग लूट ले गए। घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
नेपाल के जिला कंचनपुर के थाना गोदावरी के गांव डांगवाल निवासी 30 वर्षीय शंकर जोशी ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है। एक साल बाद दीपावली त्योहार पर घर जा रहा था।
बरेली से सुबह रोडवेज बस में सवार हुआ। कुछ देर बाद दो युवक भी उसकी सीट पर आकर बैठ गए। बातों-बातों में उसके साथ दोस्ती गांठ ली। जब वह दोपहर में पीलीभीत छतरी चौराहा पर उतरा तो दोनों युवक भी उतर आए। वह रेलवे स्टेशन जाता। इससे पहले उनमें से एक युवक शराब की बोतल ले आया और उसे झांसे में लेकर शराब पिला दी। नशा होने पर वह बेहोश हो गया। नशा जब उतरा तो देखा की बैग और जेब में रखे 48 हजार रुपये गायब थे और वह गौहनिया चौराहा के पास स्थित गन्ना समिति कार्यालय के पास पड़ा था। उसने बताया कि बैग में बच्चों के करीब 15 हजार रुपये के कपड़े व अन्य सामान था।
बैग और रुपये गायब देखकर वह रोने लगा। इस पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे सुनगढ़ी थाने के दो सिपाहियों को भी उसने आपबीती सुनाई। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर पीड़ित ने नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।