बंटवारे को लेकर पिछले कई दिनों से चले आ रहे विवाद में आरोपी ने मां-बेटे की पिटाई लगा दी और हाल ही में मकान बेचकर आई पूरी रकम को हथियाने की कोशिश करने लगा। ठेका चौकी पुलिस के कार्रवाई न करने पर पीड़ित पक्ष ने एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला आसफजान की रहने वाली वृद्ध महिला कामिनी देवी ने एसपी को दिए पत्र में बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है। उनके दो मकान हैं। एक मकान में उसका पूरा परिवार रहता है। वह छोटे बेटे शिवम के साथ रहती है। आरोप है कि पिछले कई दिनों ने उसका एक बेटा दूसरे मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था, जिसमें दस दिन पहले जबरन सामान मकान में रखकर ताला डाल दिया गया। शिकायत ठेका चौकी पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने घरेलू विवाद बताकर कोई कार्रवाई नहीं की। इक्कीस जून को महिला ने अपना दूसरा मकान बेच दिया। इससे मिली रकम का बराबर बंटवारा करने की बात कही, जिसके बाद आरोपी ने पूरी रकम की मांग कर दी। ऐसा करने से इंकार करते ही हमला कर दिया। इस बात से नाराज होकर बुधवार रात आरोप है कि महिला और उसके छोटे बेटे शिवम् से मारपीट करने लगा। बीच बचाव कराने आई पुत्रवधू से भी हाथापाई की गई। चौकी पर शिकायत करने के बाद भी सुनवाई न होने पर गुरूवार को महिला ने एसपी से दुखड़ा सुनाते हुए कार्रवाई की मांग की है। एसपी मुनिराज जी ने शहर कोतवाल को मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।