पूरनपुर गेट चौकी प्रभारी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट
स्थानीय ललित हरि चीनी मिल ग्रेडर ब्लास्ट हादसे में तीन श्रमिकों की मौत के बाद चीनी मिल के मालिकों व प्रबंध तंत्र पर कानूनी शिकंजा कस गया है। अधिकारियों के निर्देश पर सुनगढ़ी थाने में चीनी मिल के मालिक व अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एसपी सभाराज के आदेश पर की गई है। सीओ सिटी अनुराग दर्शन ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सुनगढ़ी थाने में मिल मालिक कुंवर भारत स्वरूप समेत समस्त मालिकान, चीनी मिल उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह, जीएम टैक्नीकल आरसी मिश्रा नामजद किए गए हैं। सीओ ने बताया कि यह रिपोर्ट पूरनपुर गेट चौकी प्रभारी ऋषिपाल सिंह की ओर से धारा 337,338 व 304 के तहत दर्ज कराई गई है। केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच से सामने आएगी ब्लास्ट की वजह
जिला प्रशासन की ओर से हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के निर्देश दिए जा चुके हैं। दूसरे दिन भी ग्रेडर में हुए ब्लास्ट के पीछे क्या कारण रहे होंगे? इसका कोई पता नहीं लग सका। अधिकारियों की ओर से टैक्नीकल जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद ही कारण सामने आ पाने की बात कही जा रही है।
गाजियाबाद से आएगी क्रेन तब हट सकेगा गिरा बिन
घटना के बाद से चीनी मिल में पेराई बंद है। अभी दो-तीन दिन तक काम शुरू होने के आसार भी नहीं हैं। मिल कब तक विधिवत पेराई कार्य शुरू कर सकेगी इस बाबत मिल प्रबंधन कुछ नहीं कह रहा है। जीएम एचआर आशीष गुप्ता ने बताया कि हादसे के दौरान गिरे भारी भरकम बिन (चीनी स्टोर व पैकिंग का आटोमेटिक प्लांट) को उठाने का कार्य बड़ी क्रेन से ही संभव है। उसके लिहाज से क्रेन आसपास के जिलों में उपलब्ध नहीं हैं। उसके लिए गाजियाबाद से क्रेन बुलाई जा रही है। मिल को वैकल्पिक व्यवस्था कर जल्द ही चालू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें भी दो-तीन दिन का समय लगेगा। मिल पूरी क्षमता से पेराई कार्य कब तक शुरू करेगी इस पर वह कुछ नहीं कह सके। इतना जरूर कहा कि अभी व्यवस्था दुरुस्त करने में समय लग सकता है।