दहेज की मांग पूरी न होने पर 32 वर्षीय नरगिस को ससुरालियों ने तीन दिन तक कमरे में बंद रखा और उसकी जमकर पिटाई की। आरोप है कि ससुरालियों ने इस दौरान उसके ऊपर तेजाब भी छिड़का। किसी तरह गुरुवार की आधी रात वह छूटकर मायके पहुंची और घटना बताई। पुलिस ने विवाहिता की ओर से पति नईम सहित 11 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
कसबे के मोहल्ला अब्दुल रहीम निवासी नरगिस ने बताया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। उसका निकाह पांच माह पहले कसबे के ही मोहल्ला मोहम्मद मियां खां निवासी नईम के साथ हुआ था। शादी के बाद से ससुराल वाले पांच लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे। मायके वालों ने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो ससुराल वाले उसे मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। 25 अगस्त को पति ने अन्य ससुराल के लोगों की मदद से कमरे में बंद कर दिया और जमकर पिटाई की। मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हाथपांव बांध दिए। भूखा प्यासा रखा। जान से मार देने की नीयत पर तेजाब भी छिड़क दिया। 27 अगस्त की आधी रात वह मौका पाकर घर से भाग निकली और मायके पहुंचकर मां और परिवार के अन्य लोगों को घटना बताई। परिवार के लोग रात में ही पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और एसओ को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवाहिता को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा। जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत ठीक बताई जाती है।
एसओ दलवीर सिंह ने बताया कि विवाहिता की ओर से पति, ससुर अब्दुल अली, सास जमीलन, जेठ अनीस, फयूम समेत 11 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपी घर से फरार हैं। उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसओ दलवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया कि महिला तीन दिनों से अपनी ससुराल में नहीं थी। महिला कहां थी और उसे चोटें कैसे लगीं है आदि बातों की जांच की जा रही है।
घायल महिला सीएचसी से रेफर होकर जिला अस्पताल आई थी। उसके शरीर पर 15 चोटों के निशान और तेजाब की भी छीटें मिली हैं। महिला अब स्वस्थ है।
डॉ. एनके गुप्ता, चिकित्सक, जिला अस्पताल