बिहार सेे मजदूरी कर परिवार वालों के साथ घर लौट रहे गांव सिमरिया निवासी
40 वर्षीय अय्यूब शाह की हरदोई-लखनऊ रेल खंड पर बेगमगंज के पास ट्रेन से
गिरकर मौत हो गई। अय्यूब का शव शुक्रवार को देर शाम घर पहुंचने पर कोहराम
मच गया। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव सिमरिया
निवासी अय्यूब करीब दस माह पहले पत्नी राबिया और बच्चों के साथ बिहार में
ईंट भट्टा पर मजदूरी करने गया था। शुक्रवार को परिवार के साथ वह ट्रेन से
घर लौट रहा था। रवीना ने बताया कि ट्रेन में भीड़ और गर्मी के चलते उसका
पति अय्यूब लखनऊ से ट्रेन के चलने पर बोगी के गेट पर बैठ गए थे। संडीला
रेलवे स्टेशन से पहले बेगमगंज के पास अचानक ट्रेन से गिर कर उसके पति की
मौत हो गई। शोर-शराबे पर लोगों ने चैन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। संडीला
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे सौंप दिया। शुक्रवार की देर शाम
अय्यूब का शव घर पहुंचने पर उसके परिवार वालों में कोहराम मच गया। अय्यूब
के परिवार में पत्नी के अलावा 12 वर्षीय पुत्र कय्यूम शाह, दस साल की हिना,
आठ की करिश्मा, पांच साल की सोनम और तीन साल की निशा है।