जमीन पर मालिकाना हक जताने को लेकर काफी समय से चले आ रहे विवाद में रविवार को गुलैंदा गांव में दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। विवादित जमीन पर दीवार का निर्माण कराने पर जमकर लाठी डंडे व धारदार हथियारों से एक दूसरे पर हमला किया। हवाई फायरिंग कर दहशत भी फैलाई गई। दोनों ओर से कुल तेरह लोग घायल हुए। हंगामे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सख्ती से मामला शांत कराया। तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गुलैंदा निवासी हेमनाथ और दिनेश का जमीन का विवाद काफी समय से चल रहा है। दोनों पक्ष विवादित जमीन पर अपना हक जताते है। रविवार को हेमनाथ पक्ष की ओर से विवादित जमीन पर दीवार का निर्माण कराया जाने लगा। सूचना मिलते ही दूसरे पक्ष के लोग भी सामने आ गये। इससे संघर्ष शुरू हो गया। दोनों आरे से हथियारों से लैस होकर लोग जमा हो गए और एक दूसरे पर हमला बोल दिया। जमकर लाठी डंडे और धारदार हथियार से वार किये गए। मारपीट से दौरान एक पक्ष के हेमनाथ, ओमप्रकाश, हरिनंदन, राजेश, रामकिशन, पप्पू, हरपाल, ओमवती, मनोज और दूसरे पक्ष से दिनेश, ब्रजेश, नरेश और सुरेश कुल 13 लोग घायल हो गए। हंगामे की सूचना पर पुलिस ने मामला शांत कराया। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों नें एक दूसरे के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी है।
ये किये गए नामजद
पुलिस ने हेमनाथ पक्ष की तहरीर पर दिनेश, ब्रजेश, नरेश, सुरेश व चार अन्य को नामजद किया है। इसके अलावा दिनेश की तहरीर पर हेमनाथ, ओमप्रकाश, हरनंदन, रामकिशन, पप्पू, हरपाल, ओमवती, राजेश और मनोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने प्रथम पक्ष के हेमनाथ और दूसरे पक्ष के दिनेश, रामकिशन को गिरफ्तार किया है।
000
दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी हेमनाथ, रामकिशन और दिनेश तीन की गिरफ्तारी की गई है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
केपी सिंह, प्रभारी कोतवाल