मायके बीमार पिता को देखने जा रही विवाहिता का रास्ते से अपहरण कर बंधक बनाकर दो दिन तक सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी गांव भैंसासुर निवासी सुनील को गिरफ्तार कर शनिवार को चालान कर दिया। पुलिस इस मामले के दो आरोपियों का पहले ही चालान कर चुकी है।
घटना आठ जुलाई की है। नगर की एक विवाहिता अपने बीमार पिता को मायके घुंघचाई पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव में देखने आई थी। महिला बस से उतर कर गांव जा रही थी। बाइक से आए उसके मायके के गांव निवासी वीरसहाय, गांव भैंसासुर निवासी सुनील ने उसे मायके छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बिठा लिया और उसे थाना बंडा के गांव मानपुर ले गए। जहां एक घर में बंधक बनाकर दोनों ने सामूहिक बलात्कार किया। बंधनमुक्त होने के बाद महिला ने घुंघचाई पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने विवाहिता की ओर से सुनील, रमेश, वीरसहाय के खिलाफ अपहरण और बलात्कार करने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि रमेश और वीर सहाय को पहले ही गिरफ्तार कर पुलिस चालान कर चुकी है। तीसरे आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया। आरोपियों के खिलाफ शीघ्र ही आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।