संदेहास्पद परिस्थितियों में लगी आग से जली पीलीभीत की विवाहिता ने बरेली के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतका के भाई के मुताबिक तीन साल के भांजे ने उसे बताया कि उसके पापा शराब पीकर घर आए और पिटाई करने के बाद मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। जलती मम्मी ने पापा को पकड़ लिया। जिससे वह भी जल गए।
थाना बरखेड़ा (पीलीभीत) क्षेत्र के गांव खड़गपुर निवासी दलपत की 30 वर्षीय पत्नी अनीता रविवार आधी रात को संदेहास्पद परिस्थितियों में लगी आग में जल गई। दलपति भी आग में झुलस गया। दोनों को रात दो बजे प्रेमनगर इलाके के डीडीपुरम स्थित अस्पताल में लाया गया। जहां सोमवार सुबह पांच बजे अनीता ने दम तोड़ दिया। जानकारी पर बरखेड़ा निवासी अनीता का भाई अमरजीत यादव भी आ गया। अमरजीत यादव के मुताबिक उसके तीन साल के भांजे गौरव ने उसे बताया कि पिता दलपत रात बारह बजे मतगणना स्थल से शराब पीकर घर आए और मम्मी की पिटाई शुरू कर दी और मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। गौरव ने अपने मामा को बताया कि आग में जलती मम्मी ने बचने को पापा को पकड़ लिया। जिससे पापा भी जल गए। अमरजीत ने बताया कि दलपति कोई कामधंधा नहीं करता था। उससे अनीता की शादी करीब 14 साल पहले की थी और तभी से वह उसे शराब पीकर पीटता था। अमरजीत की शिकायत पर प्रेमनगर पुलिस ने अनीता के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव उसे सौंप दिया। अमरजीत ने बताया कि वह पीलीभीत पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराएगा।