हाइकोर्ट का आदेश और बालिग होने के दिए प्रमाण
प्रेमिका की मां ने दर्ज कराई थी अपहरण की रिपोर्ट
सुनगढ़ी पुलिस के सिपाही पर भी लगाया था सुविधा शुल्क वसूलने का आरोप
दो माह बाद कोर्ट मैरिज कर घर से भागे प्रेमी-प्रेमिका खुद ही सुनगढ़ी थाने पहुंच गए। दोनों ने अपने बालिग होने के प्रमाण दिए। इसके अलावा साथ लाए गए हाईकोर्ट के आदेश को भी पुलिस को दिखाया। जिसके बाद पुलिस ने युवती को बयान के लिए कोर्ट भेज दिया है। इस दौरान युवती ने अपनी मां पर तमाम गंभीर आरोप लगाए।
सुनगढ़ी क्षेत्र की एक महिला ने दो माह पूर्व मोहल्ले के ही एक युवक के खिलाफ नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस दौरान लड़की की बरामदगी न होने पर महिला ने सुनगढ़ी थाने के एक सिपाही पर कार्रवाई कराने के नाम पर सात हजार रूपये ठगने का भी आरोप लगाया था। मंगलवार को फरार प्रेमी युगल सुनगढ़ी थाने पहुंच गया। दोनों ने कोर्ट मैरिज करने की बात बताते हुए बालिग होने के प्रमाण पुलिस को दिखाए। इसके अलावा हाईकोर्ट का आदेश भी सौंपा। प्रेमी पर दर्ज कराए गए मुकदमे को लेकर युवती ने अपनी मां पर ही आरोप लगा दिए।
इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि युवती के बालिग होने के प्रमाण और कोर्ट का आर्डर देखने के बाद उसको कोर्ट में बयान के लिए भेज दिया गया है। न्यायालय के आदेशानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।