नग्न हालत में घरवालों ने आरोपी को पकड़ा
जमकर लगाई पिटाई, बाद में पुलिस को सौंपा
मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कराया मेडिकल
कमरे में सो रही दिव्यांग युवती से एक युवक ने घर में घुसकर दुराचार करने की कोशिश की। युवती के शोर मचाने पर जागे घरवालों ने आरोपी को नग्न हालत में धर दबोचा। उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। भाई की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाले मजदूर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। उसकी 32 वर्षीय बहन दिव्यांग है। वह घर में बाहर की ओर बने कमरे में रहती है। सोमवार रात जब पूरा परिवार सो रहा था तभी आरोपी कन्हैया मौका पाकर युवती के कमरे में घुस गया। उसके कपड़े उतार दिए और दुराचार की कोशिश करने लगा। युवती के शोर मचाने पर घरवाले जाग गए। उन्होंने आरोपी को नग्न हालत में भागते हुए दबोच लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए। भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई लगा दी। घटना की सूचना मिलने पर न्यूरिया पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आ गई। युवती के भाई ने की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पहले भी कई बार कर चुका है इस तरह की हरकतें
दिव्यांग युवती से रेप की कोशिश करते मौके से पकड़ा गया आरोपी कन्हैया पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है। अक्सर वह राह चलती युवतियों से छेड़छाड़ कर देता है। कई बार लोगों के घरों में भी घुस चुका है। पुलिस को छानबीन के दौरान पता लगा कि एक महीने पहले भी वह दिव्यांग युवती के घर में घुसा था। तब गांव में पंचायत कर उसे छोड़ दिया गया था।
मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
दिव्यांग युवती से रेप की स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी। रिपेार्ट में रेप की पुष्टि होने पर मुकदमा रेप की धाराओं में तब्दील किया जाएगा। हालांकि परिवार वाले सिर्फ दुराचार की कोशिश का आरोप लगा रहे है।
तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। उसे जेल भेजा जा रहा है। पता लगा है कि वह पहले भी ऐसी हरकतें कर चुका है।
- दलवीर वर्मा, एसओ न्यूरिया