पीलीभीत रोड पर पंजाबी कॉलोनी के सामने वाली पुलिया पर बुधवार को सुबह ट्रक की टक्कर लगने से गांव कासिमपुर के एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से मृतक के घर कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कासिमपुर निवासी चमेली देवी ने बताया कि उनके पति 60 वर्षीय जंगबहादुर बीसलपुर की एक टाल पर चौकीदारी का काम करते थे। बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे वह टाल पर रात्रि कालीन ड्यूटी खत्म करने के बाद पैदल ही गांव को लौट रहे थे। रास्ते में पंजाबी कॉलोनी के सामने पुलिया पर बरखेड़ा की ओर से आ रहे बजरी भरे ट्रक की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर होते ही चालक ट्रक लेकर बीसलपुर की ओर भाग गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया । सूचना मिलते ही घर के लोग स्वास्थ्य केंद्र आ गए थे। इस हादसे से मृतक के घर कोहराम मच गया है। मृतक की पत्नी चमेली देवी और पुत्र राजकुमार का रोते-रोते बुरा हाल हो रहा है। मृतक की पत्नी चमेली देवी ने कोतवाली में मामले की तहरीर दे दी है। हलका दरोगा रामवीर सिंह ने बताया कि चमेली देवी की तहरीर पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जिसमें चालक को अज्ञात बताया गया है और ट्रक के नंबर का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।