बरेली के ग्रीन पार्क निवासी ललिता देवी की चेन लूटकर भाग रहे एक लुटेरे को ट्रैफिक पुलिस ने पब्लिक की मदद से दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा। पुलिस ने पकड़े गए स्नेचर मोहल्ला देशनगर निवासी कामिल को सुनगढ़ी पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई चेन बरामद कर ली है।
बरेली के ग्रीन पार्क निवासी ललिता ने बताया कि वह शहर की सुरभि कॉलोनी में रहने वाले अपने रिश्तेदार चतुर बिहारी के घर सोमवार सुबह आईं थी। शाम करीब चार बजे वह खटीमा जाने के लिए घर से निकलीं। कुछ दूर चलने के बाद दो युवक साइकिल से उसके पीछे-पीछे चलने लगे। 100 मीटर दूर वह बढ़ पाई थी कि साइकिल पर पीछे बैठे युवक ने उसके गले पर झपट्टा मार दिया और सोने की चेन लूटकर भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दोनों लुटेरों को दौड़ा लिया। इस पर साइकिल छोड़कर एक लुटेरा गौहनिया चौराहा की ओर भागा। गौहनिया चौराहा पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के सिपाहियों ने उसे दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भाग निकला। सिपाहियों ने भीड़ के आक्रोश को देखते हुए पकड़े गए आरोपी को चौराहा पर स्थित पुलिस बूथ में बंद कर दिया और घटना की सूचना सुनगढ़ी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से चेन बरामद कर ली है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि महिला की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हफ्ते भर पहले वल्लभनगर मामले लूटी गई चेन के मामले में पूछताछ की जा रही है।