नगर के व्यस्त स्टेशन रोड पर नगर पालिका कार्यालय के नीचे खड़ी बरेली के
ठेकेदार की कार का शीशा तोड़कर अज्ञात व्यक्ति लैपटॉप, सात हजार रुपये की
एफडीआर और अन्य अभिलेख उड़ा दिए। ठेकेदार की तहरीर पर मौके पर पहुंची पुलिस
ने जांच की है।
बरेली के आजमनगर निवासी बिजली उपकरणों के विक्रेता और
ठेकेदार पंकज सिंह ने बताया कि गुरुवार को कार से नगर पालिका ईओ से मिलने
आए थे। कार नगर पालिका कार्यालय के नीचे खड़ी कर दूसरी मंजिल स्थित नगर
पालिका कार्यालय में ईओ से मिलने चले गए। लौटने पर कार के पिछले दरवाजे का
शीशा टूटा था।
उन्होंने बताया कि शीशा तोड़कर कार में रखा लैपटॉप, सात
हजार रुपये की एफडीआर और अन्य कुछ अभिलेख कोई पार कर ले गया। ठेकेदार ने
पुलिस को दी तहरीर में पास-पड़ोस के दुकानदारों और टैक्सी चालकों पर संदेह
व्यक्त किया। पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर पास-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की।