बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे कलीनगर निवासी इमरान से चाकू के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने चार हजार रुपये लूट लिए। विरोध पर चाकू से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। दिन-दहाड़े लूट की सूचना पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
घटना सोमवार को अपराह्न करीब 3.30 बजे घुंघचाई पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। कलीनगर निवासी इमरान ने बताया कि वह बाइक से रिश्तेदारी में गांव कसगंजा जा रहा था। गांव दिलावरपुर के नजदीक मंशाराम धार्मिक स्थल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने चाकू के बल पर उसे रोकने का प्रयास किया। जब तक वह कुछ समझ पाता, बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने उसका कालर पकड़कर खींच लिया। बाइक गिरते ही तीनों बदमाशों ने चाकू के बल पर चार हजार रुपये लूट लिए। विरोध पर बदमाशों ने गर्दन पर चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया। इमरान ने बताया कि घटना के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर दिलावरपुर की ओर भाग गए। इमरान ने पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी। घुंघचाई पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर जांच की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। चौकी इंचार्ज कमलेश कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।