क्षेत्र के जमरऊ गांव में हुई 18 वर्षीय युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवती कविता की हत्या उसके भाई ने अवैध संबंधों के शक में की थी। वह बिना बताए घर से बाहर जाने और गांव में आयोजित कार्यक्रमों में नाचने का विरोध करता था, लेकिन कविता विरोध को दरकिनार कर देती थी। पुलिस ने हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि गांव जमरऊ निवासी धर्मवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उसकी बेटी कविता (18) सात सितंबर 2016 की शाम शौच के लिए जंगल में गई थी। देर रात उसकी लाश ज्वार के खेत में मिली। कविता के गले में कपड़े का फंदा लगा हुआ था।
धर्मवीर ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कविता की हत्या उसके भाई सोनू ने ही की है। पुलिस ने मृतका के भाई सोनू को नवीनगर गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सोनू ने बताया कि उसकी बहन कविता का चरित्र अच्छा नहीं था। वह घर से बिना बताए कहीं भी चली जाती थी। सात सितंबर को गांव में एक व्यक्ति के घर कुआं पूजन का कार्यक्रम था।
उस कार्यक्रम में सोनू ने अपनी बहन कविता को नाचने से मना किया था। लेकिन उसने भाई की बात नहीं मानी।
उसी दिन शाम को कविता जंगल मे शौच के लिए गई थी। जहां सोनू ने उसकी चुन्नी से हाथ बांधकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। एसपी देहात ने बताया कि सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।