गांव मकरंदापुर स्थित खाद की एक दुकान पर दो बाइक पर से पहुंचे चार लोगों ने खाद विक्रेता गांव नौगमिया निवासी नरेश गंगवार की रायफलों और बंदूक की बटों से पिटाई कर दी। इससे वह घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी चेन और 5544 रुपये लूट ले गए। पुलिस ने घायल की ओर से चारों हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो हमलावरों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो हमलावर बाइक समेत भाग निकले। पुलिस ने मौके से तीन रायफलें व एक बंदूक बरामद की हैं। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव नौगमिया निवासी नरेश गंगवार ने बताया कि गांव मकरंदापुर में उसकी खाद की दुकान है। उसकी गांव के सुरेश कुमार से चुनावी रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के चलते रविवार की सुबह 8.45 बजे राकेश कुमार अपने साथी सुरेश कुमार, थाना बिलसंडा के गांव घुंघचइया निवासी सियाराम और बरेली के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव बकुचिया निवासी रोशन लाल के साथ दो बाइक से आया और हमला बोल दिया। रायफलों और बंदूक की बटों से उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। इससे वह घायल हो गया।
आरोप है कि हमलावर सोने की चेन और जेब से 5544 रुपये निकाल ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख दो हमलावर मौके से भाग निकले, जबकि पुलिस ने सुरेश और रोशनलाल को पकड़ लिया। मौके से तीन रायफलें व एक बंदूक भी बरामद की है। कार्यवाहक थाना प्रभारी वेदराम गंगवार ने बताया कि घायल नरेश की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायल नरेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।