व्यापारी की गैर मौजूदगी में उसके मकान पर कब्जा करने की कोशिश की गई। असलहों के साथ दूसरे पक्ष के लोग जबरन घर में घुस आए और सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया। व्यापारी की पत्नी के विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला वशीर खां निवासी अंजना गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति रवि गुप्ता पंखा व्यापारी हैं। उनके मकान कुछ लोग जबरन कब्जा करना चाहते हैं। जबकि मकान को लेकर कोर्ट से भी फैसला उनके हक में हुआ था। आरोप है कि दो अगस्त को उसके पति घर पर नहीं थे। मंदिर में पूजा करने गए हुए थे। इस बीच आरोपी अपने साथियों संग मकान पर आया। सभी के पास असलहा होने का भी आरोप है। आरोप है कि पति न होने की बात कहने पर भी आरोपी नहीं मानें। विरोध करने पर महिला से अभद्रता करने का आरोप है। शोर पर आसपास के लोगों के जमा होने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि मामले की जांच एसआई देवेंद्र सिंह द्वारा की जा रही है। दोनों पक्षों को कागजात लेकर बुलाया गया है, निष्पक्ष कार्रवाई होगी।