बंद भट्टे पर चल रही थी असलहा फैक्ट्री, एक गिरफ्तार
पूरनपुर पुलिस को बुधवार को खास सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लोधीपुर गांव में बंद भट्टे पर दबिश देकर असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। मौके से कई अवैध असलहा मिले और एक आरोपी को दबोच लिया गया।
बुधवार सुबह पूरनपुर कोतवाल भुवनेश कुमार गौतम को मुखबिर से सूचना मिली कि लोधीपुर गांव में बंद चल रहे भट्टे पर कुछ लोग अवैध असलहा बनाते हैं। कोतवाल ने एसआई भारत सिंह, कांस्टेबल रिहान, राजेंद्र राणा, शमशुद्दीन, भारत सिंह, अरुण, शकील अहमद के साथ मुखबिर बंद भट्टे पर दबिश दी। इसमें एक आरोपी कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर गांव के वार्ड नंबर सात ऊंचापुर निवासी बब्बू खां को गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो पौनिया बंदूक, दो तमंचे, तीन खोका कारतूस, पांच अधबने तमंचे व असलहा बनाने के उपकरण बरामद हुए। पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में एएसपी डॉ. रामसुरेश यादव ने पुलिस की सराहना की। इधर, पकड़े गए आरोपी बब्बू खां ने बताया कि वह पिछले चार दिन से 200 रुपये दिहाड़ी पर अवैध असलहा बनाने जाता था। मौके से शेरपुर का एक युवक भाग गया।