बुधवार को प्रेमी युगल के शव का तीन चिकित्सकों के पैनल का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के दौरान मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित कर लिया गया। युवती के कंकाल को जांच के लिए भेजा जाएगा। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के कजरी निरंजनपुर निवासी गुरप्रीत सिंह और ग्राम महादेव माती निवासी रमनदीप कौर के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसका पता लगने पर ढाई साल पहले परिवार वालों ने दोनों मंगनी कर दी गई थी। मगर दोनों परिवारों के बीच अनबन खत्म नहीं हुई थी। 17 दिसंबर 2016 को दोनों अचानक लापता हो गए थे। इसके बाद रमनदीप के परिवार वालों ने गुरप्रीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। जबकि गुरप्रीत के घरवाले अपने बेटे की हत्या की आशंका जता रहे थे। मंगलवार को रमनदीप और गुरप्रीत के क्षतविक्षत शव गन्ने के खेत में मिले थे। इसके बाद गुरप्रीत के घरवालों ने लड़की के पिता बलविंदर सिंह समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम कराया। महिला चिकित्सक की मौजूदगी में तीन चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
खुद को बेगुनाह बता रहे आरोपी, थाने पहुंचे
पीलीभीत। प्रेमी युगल की हत्या के मामले में नामजद लड़की के पिता बलविंदर सिंह, उसकी मां व अन्य रिश्तेदार बुधवार को खुद थाने पहुंचे और खुद को बेगुनाह बताया। जहां उनसे पूछताछ भी की गई, लेकिन पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। आरोपियों का कहना था कि आखिर वे लड़का-लड़की को क्यों मार देते? जबकि दोनों की रजामंदी के बाद वे मंगनी कर चुके थे। वे तो खुद जल्द शादी कराना चाहते थे।
दोनों घरों में मचा कोहराम
देर शाम दोनों के शव घर ले जाए गए तो कोहराम मच गया। इस दौरान एसओ इंद्र कुमार पुलिस बल के साथ गांव में मौजूद रहे। जहां दोनों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पोस्टमार्टम में दोनों की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। विसरा और युवती की हड्डियों की जांच कराई जाएगी। मामले की छानबीन की जा रही है। - डॉ. रामसुरेश यादव, एएसपी