तमंचा के बल पर दिन-दहाड़े हाईवे से कथित ढंग से लूटा गया ट्रक पुलिस ने बरामद कर मुकदमा एक्सपंज कर दिया है। साथ ही हिरासत में लिए तीनों संदिग्ध आरोपी छोड़ दिए। अब पुलिस लूट की झूठी सूचना देने वाले के खिलाफ षड़यंत्र रचने की रिपोर्ट कोर्ट भेजेगी।
थाना बहेड़ी के गांव सिमौली निवासी शमशुल ने शनिवार को तमंचा के बल पर तीन लोगों पर आसाम हाइवे से उसका ट्रक लूटने की सूचना दी थी। पुलिस ने शमशुल की ओर से इकबाल व उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। घटना स्थल पहुंचे एसपी मुनिराज ने घटना को संदिग्ध बताते हुए खुलासे के निर्देश पुलिस को दिए। पुलिस ने रात को ही क्षेत्र के गांव मुजफ्फरनगर के समीप से ट्रक को बरामद कर नामजद इकबाल व उसके दो साथियों को हिरासत में ले लिया। एसएसआई राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि जांच में लूट की सूचना झूठी निकली। उन्होंने बताया कि शमशुल ने ट्रक की बिक्री थी। ट्रक पर शाहिद और शमशुल दोनों सवार थे। खरीदे गए ट्रक को लेकर दोनों में विवाद हुआ इसके बाद इकबाल साथियो के साथ ट्रक लेकर चला गया। सही स्थिति सामने आने के बाद मुकदमा एक्सपंज कर दिया गया है। कब्जे में लिए गए ट्रक को कोर्ट के आदेश पर छोड़ा जाएगा। हिरासत में लिए गए आरोपियों को छोड़ दिया गया। अब झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के आरोपी के खिलाफ 120 बी की कार्रवाई की जाएगी।