दिनदहाड़े बाइक, कुंडल और नकदी लूटी
मानपुर-बंडा रोड पर निगोही ब्रांच नहर पुलिया पर हुई घटना
तहरीर मिलने पर पुलिस ने अज्ञात पर दर्ज की रिपोर्ट
06 पीबीटीपी 24
अमर उजाला ब्यूरो
बिलसंडा। दावत में शामिल होने के लिए मां और भाई के साथ मीरपुर गांव आ रहे शाहजहंापुर के युवक से बुधवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने बाइक और कुंडल लूट लिए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। घटना की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
निगोही (शाहजहांपुर) के बैदापुर गांव निवासी सोनू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह बाइक से एक दावत में शामिल होने के लिए बिलसंडा के मीरपुर गांव आ रहा था। उसके साथ मां देववती व भाई मोनू भी थे। मानपुर-बंडा रोड पर निगोही ब्रांच नहर पुलिया के पास पहुंचते ही बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उसको ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही एक बदमाश ने तमंचा तान दिया। जिसके बाद दूसरे बदमाश ने बाइक और मां के कुंडल, दो हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद तमंचा लहराते हुए आरोपी भाग गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में थाना और यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश शुक्ला ने बताया कि घटना की अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सुरागरसी कराई जा रही है, जल्द वर्कआउट किया जाएगा।