फोटो-27, मृतका लक्ष्मी का फाइल फोटो
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की जलकर मौत
पति सहित आठ ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
तिलहर।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बंथरा में मंगलवार रात विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से जल गई। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। मृतका की मां ने दहेज की खातिर पुत्री को जलाकर मार देने का आरोप लगाते हुए पति सास, ससुर, ननद तथा मौसेरे भाई सहित आठ लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव बंथरा निवासी मान सिंह की पत्नी लक्ष्मी मंगलवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से जल गई थी। गंभीर हालत में लक्ष्मी को परिजन जिला अस्पताल ले गए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। बरेली ले जाते समय फरीदपुर के पास लक्ष्मी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया।
पीलीभीत के बरखेड़ा थाना के गांव भैसहा सथरापुर निवासी मृतका लक्ष्मी की मां ओमवती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसने अपनी पुत्री लक्ष्मी का विवाह चार वर्ष पहले बंथरा गांव के मान सिंह से किया था। विवाह में उसने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया। ओमवती का आरोप है कि दहेज से ससुरालीजन संतुष्ट नहीं हुए विवाह के बाद से एक भैंस और 50 हजार रुपये की मांग करते हुए लक्ष्मी को प्रताड़ित करने लगे। उन्होंने अपने रिश्तेदारों को डालकर लक्ष्मी के ससुरालियों को एक भैंस दे दी लेकिन रुपये वह नहीं दे पाईं। आरोप है कि रुपये न मिलने से नाराज होकर लक्ष्मी के पति मान सिंह, ससुर रघुवीर सिंह, सास छोटी बिटिया, ननद रानी, भावना, आंटू, विटन्जु, मौसेरा भाई बबलू ने एक राय होकर लक्ष्मी के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। जिससे उसकी पुत्री की मौत हो गई। लक्ष्मी के छह माह की पुत्री भी है। घटना की सूचना पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी मंगल सिंह रावत और कोतवाल अशोक पाल सिंह ने घटना की जानकारी लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति सहित आठ लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।