बाक्स.........
मिट्टी खोदी गई तो निकला लापता वृद्धा का शव
एएसपी, सीओ पुलिस के साथ पहुंचे, शव कब्जे में लिया
क्रासर....
कोतवाली पूरनपुर के सुंदरपुर गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर/ पीलीभीत। करीब तीन दिन से लापता चल रही सुंदरपुर गांव निवासी 55 वर्षीय हरजीत कौर पत्नी स्वर्गीय सुखदेव सिंह का शव मंगलवार शाम छह बजे के बाद अपने ही फार्म हाउस के पास जमीन में दफन मिला। देवर से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकाला। शरीर पर कई चोट के निशान मिलने पर हत्या कर दफन करने की बात निकलकर आ रही है। एएसपी, सीओ भारी पुलिस बल के साथ गांव में जानकारी करने मे जुटे है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है।
पूरनपुर के ढक्काचाट गांव निवासी अजीत सिंह ने बताया कि उसके भाई सुखदेव सिंह की पांच माह पूर्व मौत हो चुकी है। उनके कोई बच्चा नहीं है। उनकी भाभी हरजीत कौर सुंदरपुर गांव में अपने फार्म हाउस पर अकेली रहती थीं। करीब तीन दिन से वह अचानक लापता हो गईं। इसके बारे में गांव के लोगों से जानकारी की गई, तो उन्होंने तीन दिन पहले दिखाई देने की बात कही। इसके बाद मंगलवार शाम को अजीत सिंह ने इसकी सूूचना पुलिस को दी। यह भी बताया कि फार्म हाउस के पास कुछ स्थान पर गीली मिट्टी दिखाई दे रही है। ऐसे में उसने लापता भाभी के उसमें दफन होने की भी आशंका जाहिर की। जिसको सुनकर पुलिस के होश उड़ गए। एसएसआई उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। यहां जानकारी करने के बाद फार्म हाउस से सटी जगह में दिखाई दे रही गीली मिट्टी को खुदवाया गया तो उसमें वृद्धा हरजीत कौर का शव निकला। शरीर पर कई जगह चोट के निशान बने हुए हैं। इसकी सूचना मिलने पर एएसपी रोहित मिश्रा, सीओ अनुराग दर्शन भी मौके पर पहुंच गए और जानकारी जुटाई। मृतका के पास तीन एकड़ जमीन है। ऐसे में जमीन को लेकर उसकी हत्या कर शव दफन तो नहीं किया गया, इस ओर भी पुलिस जांच कर रही है। सीओ पूरनपुर अनुराग दर्शन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है। मामले की हर पहलू पर जांच कराई जा रही है।