पीलीभीत। अपराधियों पर कानूनी शिकंजा कसने के लिए एसपी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर पुराने रिकार्ड खंगालकर शातिर अपराधियों की सूची बनाई जा रही है। इसमें दस साल का आपराधिक रिकार्ड चेक किया जा रहा है। इसके आधार पर सूची में शामिल होने वाले अपराधियों पर गुंडा एक्ट और गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अपराध की रोकथाम के लिए अपराधियों पर कानूनी शिकंजा कसा जाना चाहिए, न कि उनके अगले अपराध का इंतजार। इसी सोच के चलते एसपी ने पुराने अपराधियों पर सख्ती करने का मन बनाया है। लूट, चोरी, डकैती, हत्या, रेप, अपहरण आदि संगीन मामलों में लिप्त रहने वाले शातिर अपराधियों का चयन किया जा रहा है। जिसमें दस साल का रिकार्ड चेक किया जा रहा है। समस्त सर्किल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में थाना प्रभारियों की मदद से इसकी सूचना तैयार करने के निर्देश एसपी ने दिए है। जिस पर काफी तेजी से काम शुरू कर दिया गया है। सूची बनाए जाने के बाद इन पर कानूनी कार्रवाई तो होगी ही, साथ ही मुचलका पाबंद भी किया जाएगा। एसपी का मानना है कि इससे उनकी निगरानी आसानी से पुलिस कर सकेगी। सिपाही नोटिस तामील कराने के दौरान अपराधी के एक्टिव होने का भी पता करेगी और उसको जानकारी मिलेगी।
000
तीन पर घोषित किया एक-एक हजार इनाम
लंबे समय से फरार चल रहे तीन अपराधियों पर एसपी की ओर से एक-एक हजार का इनाम घोषित किया गया है। जिसमें लूट के मामले में जहानाबाद थाना से फरार चल रहे अलीगंज (बरेली) के शिवनगर निवासी अनिल पुत्र भगवानदास, गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार हजारा के राधवपुरी निवासी छिंदर सिंह पुत्र खेम सिंह और बिलसंडा से फरार हत्यारोपी मीरपुर हीरापुर निवासी गोपाल पुत्र शाहिद को शामिल किया है।
000
शातिर ओमप्रकाश की खोली हिस्ट्रीशीट
दियोरियाकला कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेरा गांव निवासी शातिर अपराधी ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश गंगवार पुत्र नरदेव पाल की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस ने बताया कि इसके ऊपर चोरी, लूट, आम्र्स एक्ट, एससीएसटीएक्ट, गुंडा एक्ट समेत 15 मुकदमें दर्ज है। उसको एक शातिर अपराधी बताया है।
000
अपराध की रोकथाम के लिए अपराधी पर पुलिस की सख्ती होनी चाहिए। इसी को लेकर कार्रवाई कराई जा रही है। कुछ दिनों में इसका असर सामने आएगा। अगर कोई पुलिसकर्मी लापरवाही करता है, तो उस पर भी कार्रवाई तय है।
- कलानिधि नैथानी, एसपी