माधोटांडा (पीलीभीत)। माधोटांडा रोड पर सर्वजीत वर्कशाप के पास तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय शोभित मौर्य की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त दिवाकर गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार और चालक पुलिस की हिरासत में है।
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नरायनपुर निवासी शोभित मौर्य पुत्र रामप्रसाद ने पिछले दिनों इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। सोमवार सुबह वह गांव के ही अपने दोस्त दिवाकर शर्मा पुत्र राजकुमार के साथ बाइक से पीलीभीत आईटीआई कॉलेज में दाखिले के सिलसिले में निकला। माधोटांडा रोड पर सर्वजीत वर्कशॉप के पास पहुंचते ही सामने से आ रही वैगनआर कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शोभित की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दिवाकर गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर एसएचओ मनोज कुमार त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। जिसके बाद शव कब्जे में लेकर परिवारीजनों के आने पर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। छात्र की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। मृतक चार भाई-बहनों में इकलौता बेटा था। उसके तीन बहनें है। एसएचओ मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। कार और उसके चालक को पकड़ लिया गया है। कार सवार पूरनपुर ब्लाक के कर्मचारी है। दोनों पक्षों में सुलह के प्रयास जारी हैं। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।