पूरनपुर (पीलीभीत)। असम हाईवे पर गड़वाचौकी क्षेत्र में भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय रवि की मौत हो गई। हादसे के समय रवि ने हेलमेट नहीं लगाया था।
भीरा (लखीमपुर खीरी) थाना क्षेत्र के आसाडांडी गांव निवासी रवि पुत्र सूरजपाल मंगलवार रात बाइक पर वह अपनी ससुराल सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गांव मनहिरया जा रहे थे। असम हाईवे पर गड़वाचौकी क्षेत्र में पहुंचने पर एनकी बाइक में किसी भारी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें गंभीर चोटें आने से रवि की मौके पर मौत हो गई। राहगीरों से सूचना पर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस के खबर देने पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
रवि की शादी अप्रैल 2018 में हुई थी। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद रवि के ससुर ने बताया कि उनकी बेटी मंजू देवी मंगलवार को कुछ घंटे पहले ही मायके आई थी। रात रवि उनके घर आ रहा था। ससुराल वाले उसका इंतजार कर रहे थे। रवि तो ससुराल नहीं पहुंचा, उसके मरने की बुरी खबर पहुंच गई। थानाध्यक्ष सेहरामऊ उत्तरी उदयवीर सिंह ने बताया कि रवि की पत्नी मंजू देवी की ओर से हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।