खेकड़ा (बागपत)।
बंदरों के हमले से विद्यालय के कमरे में बैठे दो छात्र और छात्राएं घायल हो गए। इससे स्कूल के बच्चों में अफरा तफरी मच गई। कुछ शिक्षकों ने बंदरों को भगाया। परिजनों ने दोनों घायलों को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया।
खेकड़ा नगर निवासी अजय अग्रवाल की पुत्री रश्मि अग्रवाल कक्षा आठ और कृष्णपाल का पुत्र शिवा कक्षा सात में जैन कॉलेज मार्ग स्थित जैन बाल अकादमी विद्यालय में पढ़ते हैं। मंगलवार को सुबह के समय वह दोनों विद्यालय में पढ़नेे गए। जब वह विद्यालय में ऊपरी मंजिल के कमरे में बैठे थे, तभी अचानक बंदरों का झुंड कमरे में पहुंच गया। इस दौरान बंदरों ने छात्रा रश्मि और छात्र शिवा को हमला बोल दिया। बदरों ने शिवा के हाथ और पैर और छात्रा रश्मि की गर्दन में काटा। इस हमले से कमरे में बैठे अन्य बच्चों में भी भगदड़ मच गई। बच्चों का शोर सुनकर शिक्षकों ने दौड़कर डंडे से बंदरों को भगाया। साथ ही दोनों बच्चों के परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन विद्यालय में पहुंचे। उन्होंने दोनों को पहले नगर में ही प्राइवेट चिकित्सक के यहां प्राथमिक इलाज कराया। चिकित्सक की सलाह पर परिजनों ने दोनों को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया। बंदरों के आतंक से खेकड़ा नगरवासी परेशान हैं। स्कूल की प्रधानाचार्य बीना जैन ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जानलेवा बंदरों को पकड़वाने की मांग की। उपजिलाधिकारी ने स्कूल प्रबंधकों को जल्द ही समस्या के निदान का आश्वासन दिया।