स्मैक के साथ पकड़ा आरोपी थाने से फरार
पूरी रात आरोपी को पकड़ने को भटकती रही पुलिस
क्रासर....
आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की कर ली थी तैयारी
बिजली न होने से कंप्यूटर पर दर्ज नहीं हो सकी थी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर/जोगराजपुर। स्मैक के साथ पकड़े गए तीन आरोपियों में से दो आरोपियों को थाने से ही क्लीन चिट देकर छोड़ दिया गया। तीसरे आरोपी से 30 ग्राम स्मैक बरामद होना दर्शाकर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी गई। रिपोर्ट दर्ज होती इससे पहले ही पकड़ा गया आरोपी अंधेरे का लाभ उठा कर पुलिस कर्मियों को चकमा देकर थाने से भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने भाग रहे आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे के चलते आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका। खैर हुई कि बिजली सप्लाई न होने से कंप्यूटर पर दर्ज होने वाली रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। वरना संतरी पहरा सहित कार्यालय स्टॉफ के कई पुलिस कर्मियों पर गाज गिरना तय थी।
घटना सेहरामऊ उत्तरी थाने की है। पुलिस ने बुधवार को सूचना पर थाना क्षेत्र के एक स्थान पर घेराबंदी कर तीन युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। थाने लाए गए तीनों आरोपियों में दो आरोपियों को माफियाओं के नजदीक रहने वाले एक कांस्टेबिल की मध्यस्थता पर थाने से ही क्लीनचिट देकर छोड़ दिया गया। तीसरे आरोपी के पास तीस ग्राम स्मैक बरामद दिखाकर रिपोर्ट दर्ज करने को फर्द बनाई गई। बुधवार शाम जानकारी करने पर पुलिस ने गांव गहलुइया के एक आरोपी को स्मैक सहित गिरफ्तार करने की जानकारी दी। बिजली न होने के कारण थाने में बहुत कम उजाला था। इसी का लाभ उठाते हुए रात नौ बजे आरोपी थाने से भाग खड़ा हुआ। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के मुताबिक शोर-शराबा कर पुलिस भी आरोपी के पीछे भागी, लेकिन अंधेरे के चलते आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका। पूरी रात आरोपी की तलाश में पुलिस भटकती रही। खैर हुई कि आरोपी के खिलाफ पुलिस रिकार्ड में लिखापढ़ी नहीं हो पाई थी। नहीं तो कई पुलिसकर्मियों का नपना तय था।
00000
स्मैक के साथ तीन युवकों की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था, लेकिन आरोपी गन्ना के खेत में होते हुए भाग गए। किसी आरोपी को न तो थाने से छोड़ा गया और न ही कोई आरोपी थाने से भागा है।
राजकुमार भारद्वाज, एसओ सेहरामऊ उत्तरी
00000
स्मैक के साथ आरोपी पकडने और एक आरोपी के थाने से भागने की जानकारी नहीं है। अगर स्मैक के साथ आरोपी पकड़े गए हैं। तब पुलिस का गुडवर्क था और पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज करती। पूरे मामले की जांच की जाएगी। स्थानीय पुलिस की कहीं कोई लापरवाही सामने आती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अनुराग दर्शन, सीओ
-----