घर में घुसकर एक दबंग ने युवती से शनिवार सुबह पौने चार बजे दुष्कर्म किया। आरोपी युवती को तमंचे के बल पर धमकाते हुए छत पर बने कमरे में ले गया और दरिंदगी की। इसकी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। रविवार शाम को पीड़ित युवती ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात वह अपने कमरे में सो रही थी। शनिवार सुबह करीब पौने चार बजे मोहल्ला लाइनपार साहूकारा निवासी शाहजीद उसके मकान में घुस आया। आरोप है कि तमंचा दिखाकर धमकाते हुए उसको छत पर बने कमरे में ले गया। यहां आरोपी ने डरा धमकाकर युवती से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारने की धमकी दी। दरिंदगी करने के बाद आरोपी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। युवती ने इसकी जानकारी अपने परिवार वालों को दी। जिसके बाद रविवार को परिजनों संग कोतवाली पहुंचकर युवती ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसआई उदयवीर सिंह ने बताया कि आरोपी शाहजीद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी के अलीगढ़ चले जाने की जानकारी मिली है, गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया है।