जहानाबाद/ पीलीभीत।
रुपये के लेनदेन को लेकर चल रहे पुराने विवाद में 42 वर्षीय किसान सैजना गांव निवासी छोटेलाल पुत्र हजारीलाल की रविवार दोपहर करीब तीन बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद तमंचा मौके पर फेंक आरोपी भाग गए। मृतक की मां से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मां से मिली तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र सैजना गांव निवासी छोटेलाल पुत्र हजारीलाल खेती करते थे। उनका पिछले कुछ समय से गांव के नरेश व देवदत्त से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर करीब तीन बजे छोटेलाल का शव नरेश के मकान के बाहर लहूलुहान पड़ा मिला। शव की कनपटी पर गोली का निशान था और पास में ही एक तमंचा पड़ा हुआ था। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। जानकारी मिलने पर मृतक की मां नत्थोदेवी मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े गोली मारकर व्यक्ति की हत्या का पता लगते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एएसपी एएसपी रोहित मिश्रा, एसओ रूम सिंह बघेल मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया। मृतक की मां ने रुपये के लेनदेन के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया। यह भी कहा कि हत्या करने के बाद आरोपी मौके पर तमंचा फेंक भाग गए। इस पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी ने बताया कि मृतक की मां से मिली तहरीर पर आरोपी सैजना गांव निवासी नरेश, देवदत्त, विद्यादेवी और कनाकोर निवासी सर्वेश के खिलाफ हत्या की रिपेार्ट दर्ज कर ली गई है। तमंचे को सील कर जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों के घर दबिश दी गई थी, लेकिन कोई नहीं मिल सका। हर बिंदु पर पड़ताल कराई जा रही है।