न्यूरिया। पिता के शराब पीने की लत से परेशान होकर फुलेहर गांव निवासी योगेश (18) ने अपने गले में फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव रविवार रात करीब 12 बजे कमरे में गमछे के सहारे पंखे के कुंडे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव फुलेहर निवासी किसान देवकी नंदन के चार बेटे और एक बेटी हैं। उनकी पत्नी मुन्नी देवी की कई साल पहले मृत्यु हो गई थी। बकौल पुलिस, देवकी नंदन शराब पीने का आदी है, इसके चलते आए दिन घर में कलह होती है। देवकी नंदन की इन हरकतों से उनका दूसरे नंबर का बेटा योगेश काफी परेशान रहता था। रविवार रात करीब दस बजे देवकी नंदन शराब पीकर घर पहुंचे। इसी को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया। दोनों के बीच मारपीट की नौबत आई गई थी। घरवालों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद योगेश कमरे में चला गया। कुछ देर बाद छोटा भाई अजय कमरे में पहुंचा तो योगेश की लाश कुंडे से लटकी थी, जिसे देखकर उसकी चीख निकल गई। मामले की सूचना न्यूरिया पुलिस को दी गई। पुलिस ने देर रात ही पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी सतीश कुमार वाजपेई ने बताया कि परिवार की ओर से कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।