पूरनपुर (पीलीभीत)। अगवा युवती की बरामदगी की मांग को लेकर कई संगठन के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कोतवाली गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। एएसपी को ज्ञापन देकर प्रदर्शनकारियों ने 24 घंटे में बरामदगी और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सेहरामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को दूसरे समुदाय का युवक 31 अगस्त को बहला फुसलाकर भगा ले गया था। इस मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज है। युवती की बरामदगी और कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोतवाली गेट पर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया, जमकर नारेबाजी की गई। समाधान दिवस में मौजूद एएसपी रोहित मिश्रा को ज्ञापन देकर युवती की 24 घंटे के भीतर बरामदगी की मांग की। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। एएसपी ने एसओ सेहरामऊ उत्तरी से मामले की जानकारी कर शीघ्र ही युवती को बरामद कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले को लेकर इससे पहले एसडीएम कार्यालय में भी ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में विधिओम सिंह, अनुराग अग्निहोत्री, अनुज, रामपाल सिंह यादव, अश्लेंद्र मिश्रा, घनेंद्र सिंह यादव, विनोद शर्मा आदि थे।