पीलीभीत। फर्जी कागजात बनवाकर मंदिर की जमीन बेचने की कोशिश करने के मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जल्द चार्जशीट पेश कराने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने एसपी से मुलाकात की। जिसमें कुछ लोगों पर फाइनल रिपोर्ट लगवाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
एसपी से मुलाकात कर अधिवक्ताओं ने बताया कि सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला इनायतगंज निवासी दिनेश चंद्र मिश्रा ने पिछले दिनों शहर के दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें खुद को मंदिर कमेटी का प्रबंधक दर्शाकर उसकी संपत्ति बेचने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया था। एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। आरोप है कि उक्त मुकदमे में फंसे आरोपियों को बचाने के लिए कई सफेदपोश पुलिस पर लगातार दबाव बना रहे हैं। उसमें फाइनल रिपोर्ट लगवाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने एसपी से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई कराने की मांग की। एसपी से मुलाकात करने वालों में दिनेश गुप्ता, शिशिर यादव, विकास विक्रम, राजकुमार अग्रवाल, मुन्नालाल वर्मा, बीएस चीमा, कुंवरजीत सिंह, मोहम्मद रजी, मोहम्मद वसीम, शरद त्रिवेदी, मान सिंह, वीरेंद्र पटेल, राजकुमार गंगवार, सचिन शुक्ला, अशोक भारती, राकेश प्रजापति, धर्मेंद्र लोधी, देव गुप्ता, दाताराम, पवन अरोरा, नर्सिंग कटियार, नसीम खां, बरमान मियां आदि अधिवक्ता थे।