बरखेड़ा (पीलीभीत)। महिला झोलाछाप के इलाज से गर्भवती महिला की मौत हो गई। मृतका के पति ने आरोपी झोलाछाप के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के पतरसिया गांव निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी खुशबू (27) नौ महीने की गर्भवती थी। मंगलवार को अपराह्न करीब तीन बजे खुशबू को प्रसव पीड़ा होने पर बरखेड़ा के एक झोलाछाप को दिखाया। आरोप है कि उनसे झोलाछाप ने नौ हजार रुपये मांगे गए, जिस पर दो हजार रुपये तुरंत जमा कर दिए। झोलाछाप ने खुशबू को एक इंजेक्शन लगाया और गोली खिलाई। इसके करीब तीन घंटे बाद खुशबू की तबीयत बिगड़ गई। उसकी हालत गंभीर बताकर झोलाछाप ने पीलीभीत ले जाने को कहा। परिवार वाले खुशबू को लेकर पीलीभीत पहुंचते इससे पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इससे परिजन शव लेकर घर लौट गए। बुधवार सुबह खुशबू के पति ने बरखेड़ा थाने जाकर आरोपी झोलाछाप के तहरीर दी। उनका आरोप है कि खुशबू की मौत झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाने से हुई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मौत बांट रहे झोलाछाप, विभाग लापरवाह
इलाज के नाम पर मौत बांटने वाले झोलाछाप पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिकंजा नहीं कसा जा सका है। इलाज के दौरान कई बार मरीजों की मौत के मामले सामने आए, लेकिन कार्रवाई कागजों में सिमट कर रह गई। खुशबू की मौत के मामले में आरोपी महिला झोलाछाप भाजपा के एक नेता की पत्नी बताई जा रही है। उनका बरखेड़ा कस्बे में एक मेडिकल स्टोर है। जहां मरीजों का इलाज भी किया जाता है।
बरखेड़ा क्षेत्र में हुई घटना की जानकारी मिली है। अभी ये नहीं कहा जा सकता कि चिकित्सक पंजीकृत है या नहीं? झोलाछाप पर कार्रवाई को लेकर लगातार छापा मारा जाता है। कुछ दिन पहले ही गजरौला क्षेत्र में एक को पकड़ा गया था। इस मामले की जांच कराई जाएगी। अगर कुछ गलत मिलता है, तो कार्रवाई होगी। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ
महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। - एसके उपाध्याय, इंस्पेक्टर बरखेड़ा